लखनऊ : पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में डूबने से हुई मौत, परिजनों ने किया प्रदर्शन-शव बदलने का आरोप

 

राजधानी लखनऊ स्थित पारा में नहर चौराहे के पास से शनिवार को संदिग्ध हालात में लापता हुई 12 वर्षीय बालिका की मौत के मामले में रविवार को नया मोड़ आ गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बालिका की मौत नहर में डूबने से बताई गई है। वहीं, परिवारजन का आरोप है कि बालिका को दुष्कर्म के बाद हाथ रस्सी से बांधकर नहर में फेंक दिया गया था। परिवारजन पुलिस पर मामले को दबाने और शव बदलने का आरोप लगाते हुए नहर चौराहे के पास सड़क जाम कर देर शाम तक प्रदर्शन करते रहे।

एडीसीपी सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि रविवार दोपहर बाद बालिका के शव का पोस्टमॉर्टम डॉक्टरों के पैनल ने किया। इस दौरान पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी कराई गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवारजन को सौंप दिया गया। आरोप है कि पुलिस ने महिलाओं व अन्य लोगों के साथ मारपीट भी की।

पुलिस पर मामला दबाने का आरोप

उधर, शव को नहर चौराहा लाने से पहले ही वहां बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए। लोगों ने सड़क जाम कर दिया और प्रदर्शन करने लगे। आरोप लगाया कि पुलिस मामले को दबाने की कोशिश कर रही है। यही नहीं, शव देखने के बाद बालिका के माता-पिता ने कहा कि यह उनकी बेटी का शव नहीं है। घरवालों ने शव बदलने का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद वहां तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। स्थानीय लोग नारेबाजी करने लगे। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल बुला लिया गया। कड़ी मशक्कत के बावजूद पुलिस शाम तक लोगों को शांत नहीं करा सकी।

Comments